बरौनी रिफाइनरी ओपी क्षेत्र के एनएच-31 किनारे देवना चौक एवं रेलवे गुमटी के बीच स्थित भारतीय स्टेट बैंक के बरौनी औद्योगिक शाखा को शुक्रवार को हथियार के बल अपराधियों ने लूटने का प्रयास किया। लेकिन गोली मिस फायर कर जाने तथा गार्ड की तत्परता से बदमाश लूट में असफल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मास्क और हेलमेट पहने आए चार अपराधियों में से दो ने बैंक में प्रवेश किया तथा सुरक्षा गार्ड को अपने कब्जे में ले लिया। कब्जे में लेने के बावजूद गार्ड ने जब हेलमेट और मास्क उतारने को कहा तो अपराधियों ने भय का माहौल कायम करने के लिए दो राउंड फायरिंग किया, लेकिन दोनों गोली मिसफायर होकर गिर गया।






इससे सुरक्षा गार्ड की जान बाल बाल बच गई। इसके बाद गार्ड ने साहस दिखाकर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया तो सभी बदमाश जान बचाकर हथियार लेकर भाग निकले।
सदर डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि देवना में स्थित एसबीआई के बरौनी औद्योगिक क्षेत्र शाखा में प्रवेश कर अपराधियों ने हथियार के बल पर लूटने का असफल प्रयास किया है। 20 से 25 वर्ष आयु वर्ग के सभी अपराधी हथियार से लैस होकर बैंक आए थे, लेकिन गार्ड की तत्परता से उनके मंसूबे पर पानी फिर गया।
जांच में प्रथम दृष्टया अपराधी पेशेवर प्रतीत नहीं हो रहा है, जल्द ही पहचान कर लिया जाएगा। वैज्ञानिक एवं अत्याधुनिक तकनीक से मामले की जांच कर सभी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी योगेन्द्र कुमार के निर्देश पर सदर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में नगर थानाध्यक्ष, रिफाइनरी ओपी प्रभारी, जीरोमाइल ओपी प्रभारी, सिंघौल ओपी प्रभारी सहित अन्य ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच तथा अपराधियों की पहचान शुरू कर दी है। बैंक एवं बैंक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है।








