Samastipur Viral Video Case: बिहार के समस्तीपुर जिले में एक नाबालिग से जुड़े वायरल वीडियो के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में हुए इस घटना में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। मोरबा डीह गांव निवासी रौशन कुमार मिश्रा उर्फ भगत मिश्रा को शुक्रवार रात पकड़ा गया। इस मामले में पुलिस ने कुल चार आरोपियों की पहचान की है, जिनमें से अब तक दो को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस की सक्रियता से पहले ही लाटवसेपुरा गांव निवासी धर्मेंद्र सहनी को गिरफ्तार किया गया था। दोनों गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, जिसके आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस वीडियो के स्रोत और उसके सोशल मीडिया पर प्रसार से जुड़ी अहम जानकारियां भी जुटा रही है। जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह वीडियो किसने बनाया और इसे किस तरह सोशल मीडिया पर फैलाया गया।

नाबालिग से छेड़खानी: 24 सितंबर को पुलिस को मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार, यह संवेदनशील मामला 24 सितंबर को सोशल मीडिया निगरानी के दौरान सामने आया था। तकनीकी जांच के बाद घटनास्थल की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में लाटवसेपुरा से मोरवा जाने वाली सड़क के रूप में हुई। जांच में सामने आया है कि यह घटना करीब 14 अगस्त 2025 की है। इसके बाद पुलिस ने वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान शुरू की और एक-एक कर आरोपियों को दबोचा जा रहा है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नाबालिग की पहचान उजागर करने वाली फोटो, वीडियो या सोशल मीडिया पोस्ट को साझा न करें। ऐसे कंटेंट को आगे प्रसारित करने से बचने की सलाह दी गई है।
भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो और आईटी एक्ट में केस दर्ज
इस गंभीर मामले में एक पुलिस पदाधिकारी के बयान पर मुसरीघरारी थाना कांड संख्या 159/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही वीडियो के डिजिटल स्रोत और इसके प्रसार से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

